‘चिकित्सा आपके द्वार’ में 104 लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच, कैंसर व एनीमिया के मरीज चिह्नित
जहानाबाद: गैर-संचारी रोग (एनसीडी) एवं एनीमिया मुक्त बिहार विशेष अभियान-2026 के तहत मंगलवार को स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, मल्लाहचक में ‘चिकित्सा आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया ने शिविर का निरीक्षण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
शिविर में कुल 104 लोगों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की गई। इनमें 80 लोगों की ओरल कैंसर की जांच हुई। जांच के दौरान दो व्यक्ति अत्यधिक संदिग्ध और 14 संदिग्ध पाए गए। वहीं, 104 लोगों की एनीमिया जांच में चार गंभीर, नौ मध्यम और 21 हल्के एनीमिया के मामले सामने आए।
जिला पदाधिकारी ने जांच, दवा वितरण, चिकित्सकीय परामर्श समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और चिकित्सकों को निर्देश दिया कि चिन्हित मरीजों का समुचित उपचार और नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करें। गंभीर एवं संदिग्ध मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक जांच व उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने को कहा।
उन्होंने कहा कि गैर-संचारी रोगों और एनीमिया की समय पर पहचान से गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं को रोका जा सकता है। लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित एवं आयरन युक्त आहार तथा चिकित्सकीय परामर्श के प्रति जागरूक करने की जरूरत है।
शिविर में मरीजों को आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। डीएम ने आम लोगों से अपील की कि स्वास्थ्य संबंधी लक्षणों को नजरअंदाज न करें और ‘चिकित्सा आपके द्वार’ के तहत संचालित सभी 173 स्वास्थ्य संस्थानों में पहुंचकर एनीमिया, उच्च रक्तचाप, मधुमेह और कैंसर समेत अन्य बीमारियों की प्रारंभिक जांच कराएं।
Jehanabad, Jehanabad | Sep 8, 2026