आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सरकार की बड़ी सौगात
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़ा, अब मिलेंगे ₹12 हजार प्रतिमाह
संत कबीर नगर, 08 सितंबर। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के लिए प्रदेश सरकार ने बड़ी सौगात की घोषणा की है। अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय ₹8 हजार से बढ़ाकर ₹12 हजार तथा सहायिकाओं का मानदेय ₹4 हजार से बढ़ाकर ₹6 हजार प्रतिमाह करने की घोषणा की।
इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्ट फोन, साड़ी के लिए डीबीटी के माध्यम से धनराशि तथा कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को कैशलेस चिकित्सा सुविधा से जोड़ने की घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का मंगलवार को संत कबीर नगर के कलेक्ट्रेट सभागार खलीलाबाद में सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत प्रशासक बलिराम यादव, जिलाधिकारी आलोक कुमार, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं मौजूद रहीं।
इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली पांच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं बेहतर पोषण और देखभाल के बाद एसएएम श्रेणी से सामान्य श्रेणी में आए बच्चों के अभिभावकों तथा संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को भी सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक बाल शिक्षा और महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।