23 अक्टूबर को मतदान, 27 अक्टूबर को झांसी में होगी मतगणना
उरई (जालौन)। प्रयागराज-झांसी शिक्षक एवं स्नातक खंड निर्वाचन के लिए नामांकन प्रक्रिया के बाद अब स्क्रूटनी और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को झांसी में मतगणना होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी समीर ने बताया कि जालौन में कुल 20,999 मतदाता पंजीकृत हैं। मतदान के लिए जिले में 33 मतदेय स्थल और 24 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
निर्वाचन कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही जिले में आदर्श आचार संहिता लागू है। इसके अनुपालन के लिए एमसीएमसी, वीडियो सर्विलांस और वीडियो वॉचिंग समेत विभिन्न निगरानी टीमें सक्रिय हैं। निर्वाचन संबंधी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि किसी भी शिकायत का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।
Orai, Jalaun | Oct 6, 2026