फिरोजाबाद जिलाधिकारी ने दी चेतावनी, 2 दिन में असंतुष्ट फीडबैक न सुधारने पर होगी प्रतिकूल प्रविष्टि की कार्रवाई
फिरोजाबाद के कलेक्ट्रेट सभागार कक्ष में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आई०जी०आर०एस० (IGRS) एवं जनसुनवाई प्रणाली की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट और सख्त निर्देश दिए कि जिन विभागों के शिकायती प्रकरणों में असंतुष्ट फीडबैक की स्थिति खराब है, वे 2 दिनों के भीतर इसे हर हाल में सुधारें, अन्यथा दंडात्मक कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन विभागों का जन संतोष स्तर 80% से कम होगा, उनसे स्पष्टीकरण मांगा जाएगा और जिनकी स्थिति अत्यधिक खराब पाई जाएगी, उनके जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि (Adverse Entry) जारी की जाएगी। समीक्षा में नगर निगम के नगर स्वास्थ्य अधिकारी के पास 65% असंतुष्ट फीडबैक मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और 2 दिन के भीतर प्रकरणों के निस्तारण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई को शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों (SDM), तहसीलदारों, खंड विकास अधिकारियों (BDO) तथा नगर निकायों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे फरियादियों से सीधे संपर्क कर वार्ता करें और असंतुष्ट फीडबैक का समयबद्ध निस्तारण करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अरविंद द्विवेदी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
#FirozabadNews #Firozabad #IGRS #DM_Firozabad #UPGovt #JanSunwai #AdministrationAction #UPNews #PublicGrievance #FirozabadUpdate