एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के साथ 3.790 किलोमीटर लंबी नई सडक़ का निर्माण कार्य को मिली गति :-
- पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर व उपायुक्त सतबीर सिंह ने लड्डू बांटकर निर्माण कार्य को दी गति
- दीपावली से पहले सडक़ का निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य
- हजारों लोगों को मिलेगा सीधा लाभ, रेलवे लेवल क्रॉसिंग से मिलेगी राहत
रोहतक, 16 सितंबर। एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के साथ नई सडक़ के निर्माण का कार्य आज गति प्रदान कर दी गई है। पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर तथा उपायुक्त सतबीर सिंह ने लड्डू बांटकर सडक़ निर्माण कार्य को गति प्रदान की। इस अवसर पर उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि सडक़ का निर्माण कार्य निर्धारित गति से करवाया जा रहा है और इसे दीपावली से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
सतबीर सिंह ने कहा कि यह नई सडक़ चिन्योट कॉलोनी से शुरू होकर सेक्टर-6 तक बनाई जाएगी। इसकी कुल लंबाई लगभग 3.790 किलोमीटर होगी तथा सडक़ की चौड़ाई 5.50 मीटर रहेगी। सडक़ के निर्माण पर लगभग 21.27 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके तहत जीएसबी, डब्ल्यूबीएम, डीबीएम, बीसी, रेलवे संरचना की ओर टो-वॉल, साइड ड्रेन तथा प्रमुख मार्गों के जंक्शनों के सुधार सहित विभिन्न कार्य किए जाएंगे। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सडक़ निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करवाया जाए, ताकि शहरवासियों को जल्द से जल्द इस महत्वपूर्ण सडक़ का लाभ मिल सके।
कई कॉलोनियों को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी :- मनीष कुमार ग्रोवर
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री मनीष कुमार गौरव ने कहा कि इस सडक़ के निर्माण से गांधी कैंप, झंग कॉलोनी, मानसरोवर कॉलोनी, सुभाष नगर, किशनपुरा, मॉडल टाउन, लक्ष्मी नगर, कबीर कॉलोनी, विशाल नगर, सेक्टर-5 और सेक्टर-6 सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से सेक्टर-5, सेक्टर-6, जसबीर कॉलोनी, कबीर कॉलोनी तथा विशाल नगर के निवासियों को पीजीआईएमएस, कोर्ट कॉम्प्लेक्स और तहसील की ओर आने-जाने में सुविधा होगी। इससे हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलने का अनुमान है, जबकि व्यापक रूप से आसपास की विभिन्न कॉलोनियों के हजारों लोग लाभान्वित होंगे।
रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर निर्भरता होगी कम :-
मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि नई सडक़ बनने से रेलवे के कई लेवल क्रॉसिंग से होने वाली आवागमन संबंधी परेशानी में भी कमी आएगी। परियोजना के अंतर्गत बजरंग भवन स्थित एलसी-3ए, सोनीपत रोड स्थित एलसी-4, न्यू बस स्टैंड रोड स्थित एलसी-4ए, एलसी-5 तथा सेक्टर-5 व सेक्टर-6 क्रॉसिंग से संबंधित यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
ग्रीन बेल्ट, फुटपाथ व पार्किंग की भी योजना :-
ग्रोवर ने कहा कि सडक़ के साथ अतिरिक्त कार्यों के रूप में एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के नीचे ग्रीन बेल्ट विकसित करने, नई सडक़ के साथ फुटपाथ बनाने, दोनों ओर की कॉलोनियों को बेहतर कनेक्टिविटी देने तथा रेलवे एलिवेटेड ट्रैक के नीचे पार्किंग क्षेत्र विकसित करने का प्रस्ताव भी है। इन अतिरिक्त कार्यों की अनुमानित लागत लगभग 34 करोड़ रुपये है। इन कार्यों के संबंध में हरियाणा सरकार तथा उत्तर रेलवे के बीच एमओयू की प्रक्रिया लंबित है।
इस अवसर पर रोहतक के उपमंडलाधीश आशीष कुमार, कार्यकारी अभियंता मनजीत दहिया, तहसीलदार यशपाल शर्मा, चेयरमैन खुशीराम हुड्डा, विकास बंसल, अभिनंदन भारद्वाज, राजीव भांकर, रिंकू रमेश कपूर, अनिल स्वामी सहित अन्य संबंधित गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
फोटो : 19 से 21
0 0 0 0 0 0 0 0 0 0 0
Uklana, Hissar | Sep 16, 2026