कार में तोड़फोड़ के आरोपियों पर NSA और बुलडोजर कार्रवाई की मांग, PWD रेस्ट हाउस पर जुटे हिंदू संगठन
मुरैना। ईद जुलूस के दौरान कार से टक्कर और उसके बाद कार में तोड़फोड़ के मामले को लेकर गुरुवार को मुरैना में हिंदू संगठन, बजरंग दल, सनातनी संगठन और भाजपा कार्यकर्ता PWD रेस्ट हाउस पर एकत्रित हुए। प्रदर्शनकारियों ने वीडियो के आधार पर कार में तोड़फोड़ करने वाले युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई करने की मांग के साथ ही अवैध निर्माण या अन्य नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर उनके घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग रखी।
ईद जुलूस के दौरान हुआ था विवाद
बुधवार को ईद जुलूस के दौरान एक कार की कुछ मुस्लिम युवकों से टक्कर हो गई थी। इसके बाद युवकों द्वारा कार में तोड़फोड़ किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। इसी वीडियो के आधार पर प्रदर्शनकारी आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बहस
PWD रेस्ट हाउस पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच कार्रवाई को लेकर बहस भी हुई। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाने और शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर कार्रवाई होने तक पीछे हटने को तैयार नहीं हुए।
हिंदू संगठनों का कहना है कि वीडियो के आधार पर तोड़फोड़ करने वाले युवकों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत जारी रखी।
Morena Nagar, Morena | Aug 27, 2026