ग्राम गोपालपुर में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शिविर आयोजित
सीईओ जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर आवेदनों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश, हितग्राहियों को किया हितलाभ वितरण
शिविर में ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी, विभागीय अधिकारियों ने किया योजनाओं से लाभान्वित होने प्रेरित
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत शुक्रवार को ग्राम गोपालपुर में जनसमस्याओं के निराकरण एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में आयोजित शिविर की अध्यक्षता सीईओ जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी ने की।
शिविर में ग्राम गोपालपुर एवं आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। सीईओ जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ चर्चा कर त्वरित निराकरण की कार्यवाही की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
ग्रामीणों को दी गई शासन की योजनाओं की जानकारी
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, उनके पात्रता संबंधी प्रावधानों, आवेदन प्रक्रिया एवं मिलने वाले लाभों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही ग्रामीणों की जिज्ञासाओं एवं योजना संबंधी समस्याओं का समाधान भी किया गया।*
शिविर में कृषि विभाग के द्वारा 5 हितग्राहियों को स्प्रे मशीन , वन विभाग के द्वारा 2 हितग्राहियों को वन अधिकार पत्र, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना अंतर्गत 5 बालिकाओं को लाभान्वित, पेंशन योजना अंतर्गत 5, अनुग्रह सहायता योजना अंतर्गत 3, संबल पंजीयन योजना अंतर्गत 1, लाडली लक्ष्मी योजना अंतर्गत 6 बालिकाओं एवं आजीविका मिशन के द्वारा 2 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
शिविर में विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी किया गया। इस पहल से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शिविर का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना, ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निराकरण करना तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं एवं योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी श्री अशोक सोलंकी, एसडीएम बजाग श्री पुष्पेंद्र अहके, एसडीओपी श्री विवेक गौतम,भाजपा जिलाध्यक्ष श्री चमरू सिंह नेताम, जनपद पंचायत करंजिया अध्यक्ष श्री राजू सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
#JanVishwasAbhiyan2026 #Dindori #DindoriDistrict #MadhyaPradesh #JansamparkDindori #CollectorDindori #DivyanshuChaudhary #PublicWelfare #GovernmentSchemes #PublicGrievanceRedressal #RuralDevelopment #GoodGovernance #BeneficiaryWelfare