डिंडौरी में 40 साल पुराने शंकर मंदिर में चोरी, खिड़की-दरवाजे तोड़कर घुसे चोर
नर्मदा तट स्थित मंदिर को बनाया निशाना, अलमारी का ताला तोड़ा; नगदी और अन्य सामग्री चोरी होने की आशंका
डिंडौरी जिला मुख्यालय में अब आस्था के केंद्र भी चोरों के निशाने पर हैं। वार्ड क्रमांक 07 में नर्मदा नदी के किनारे स्थित करीब 40 वर्ष पुराने शंकर मंदिर में अज्ञात चोरों ने देर रात चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने मंदिर की खिड़की और दरवाजे को क्षतिग्रस्त कर अंदर प्रवेश किया तथा अलमारी का ताला तोड़ दिया। अलमारी से नगदी सहित अन्य सामग्री चोरी होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सुबह शंकर मंदिर समिति के अध्यक्ष मदन सोनी प्रतिदिन की तरह मंदिर में साफ-सफाई और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। इस दौरान उनकी नजर मंदिर की टूटी हुई खिड़की और क्षतिग्रस्त दरवाजे पर पड़ी। अंदर जाकर देखने पर मंदिर में तोड़फोड़ और अलमारी का ताला टूटा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मंदिर समिति अध्यक्ष मदन सोनी ने बताया कि चोरी और तोड़फोड़ की घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दे दी गई है। हालांकि, मंदिर में रखी अलमारी और अन्य सामान की पूरी जांच नहीं हो पाने के कारण फिलहाल चोरी गई नगदी और सामग्री की वास्तविक कीमत स्पष्ट नहीं हो सकी है।
करीब चार दशक पुराने मंदिर में हुई इस घटना ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि चोर कितनी नगदी और कौन-कौन सी सामग्री लेकर फरार हुए हैं। साथ ही आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर क्षेत्रवासियों की नजर है।
#Dindori #DindoriNews #TempleTheft #ShankarMandir #CrimeNews #MPNews #MadhyaPradesh #PoliceInvestigation #HALCHAL24NEWS Part 2