लापता जीशान की खोज में एसडीआरएफ ने खंगाला तालाब
बलिया. लखमिनियां के वैदावाग से शनिवार की सुबह लापता जीशान की खोज मुहल्ले के एक तालाब में एसडीआरएफ टीम के द्वारा कराई गयी. एसडीआरएफ के द्वारा तालाब की घंटों खाक छानी लेकिन कुछ पता नहीं चल सका. वहीं थानाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार के आग्रह पर नगर कार्यपालक पदाधिकारी अनिशा कुमारी के द्वारा सफाईकर्मियों से मुहल्ले के सभी नाले का ढक्कन हटाकर जांच किया. लेकिन जीशान के नहीं मिलने से माता पिता सहित परिजनों की चिन्ता बढ़ती जा रही है. मंगलवार को दिनभर चले इस घटनाक्रम के बीच जीशान का नहीं मिलना पुलिस के लिये भी चुनौती पेश कर रही है. बताया जाता है कि वैदावाग निवासी मो सिराज के करीब तीन वर्षीय पुत्र मो जीशान चार दिन से लापता है. जिसका आज चौथे दिन भी कोई सुराग नहीं मिल सका. बालक की तलाश में पुलिस लगातार जुटी हुई है. वहीं बच्चे के घर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. साथ ही पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है. इस संबंध में थानाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि लापता बालक की तलाश में लखमिनियां के विभिन्न नालों की सफाईकर्मियों के माध्यम से जांच कराई गयी. इसके अलावे बगल के तालाब में एसडीआरएफ की टीम द्वारा भी काफी देर तक खोजबीन की गयी. लेकिन अब तक कोई पता नहीं चल पाया है. उन्होंने बताया कि पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी लगातार छानबीन कर रही है. लापता जीशान की खोज के लिये अलग से एक टीम गठित की गयी है. शीघ्र ही उसकी बरामदगी कर ली जायेगी. बालक के अचानक लापता होने से स्थानीय लोगों में भी चिंता बनी हुई है. परिजनों की निगाहें अब पुलिस पर टिकी हुई है. चौथे दिन भी बच्चे के नहीं मिलने से परिजनों की चिंता और बढ़ गयी है.
Dandari, Begusarai | Aug 25, 2026