जिला एवं चार्ज स्तरीय अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
-----
सतना 13 अक्टूबर 2026/जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत फरवरी 2027 में प्रस्तावित जनसंख्या गणना की पूर्व तैयारियों के लिए जिला एवं चार्ज स्तर के अधिकारियों के प्रथम बैच का दो दिवसीय प्रशिक्षण कलेक्ट्रेट सभाकक्ष #सतना में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित, सुचारू एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक जानकारी प्रदान करने के साथ व्यावहारिक रूप से दक्ष बनाना रहा।
प्रशिक्षण जनगणना निदेशालय भोपाल से आए अधिकारियों उमेश कुशवाहा एवं नागेश पाठक द्वारा दिया गया। इस दौरान अधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया, विभिन्न तकनीकी पहलुओं, स्व-गणना पोर्टल, मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार तथा प्रिंटिंग एवं लॉजिस्टिक्स प्रबंधन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही पीई मोबाइल ऐप का लाइव डेमो प्रस्तुत कर अधिकारियों को उसके उपयोग का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। प्रशिक्षण में जनगणना से संबंधित विभिन्न अवधारणाओं तथा प्रश्न क्रमांक 1 से 40 तक की जानकारी देते हुए आंकड़ों की शुद्धता एवं गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को जनगणना के द्वितीय चरण के दिशा-निर्देशों और गणना कार्य के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं से भी अवगत कराया गया, ताकि जनगणना कार्य में एकरूपता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। प्रशिक्षण के समापन अवसर पर प्रतिभागी अधिकारियों से फीडबैक प्राप्त किया गया। साथ ही उनकी जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों का समाधान कर जनगणना कार्य के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
इस अवसर पर जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर कलेक्टर विकास सिंह, एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर, एलआर जांगडे, सुमेश द्विवेदी, सुभाष मिश्रा, संदीप श्रीवास्वत, एनआईसी अधिकारी, जिला योजना अधिकारी, तहसीलदार एवं चार्ज अधिकारी, नायब तहसीलदार एवं अतिरिक्त चार्ज अधिकारी, तहसीलों के जनगणना लिपिक तथा तकनीकी सहायक उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh
Dr Mohan Yadav
#JansamparkMP