स्व-सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल, सोहावल में मसाला वितरण केंद्र का शुभारंभ
एनआरएलएम से जुड़े समूहों को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर
मध्यान्ह भोजन योजना एवं शासकीय कर्मचारियों तक गुणवत्तापूर्ण मसालों की आपूर्ति का लक्ष्य
-----
सतना 12 अक्टूबर 2026/राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। Rewa Commissioner श्री शीलेन्द्र सिंह के निर्देशन में संभाग के समस्त विकासखंडों में एनआरएलएम से गठित स्व-सहायता समूहों के माध्यम से मसाला यूनिट स्थापित कर उन्हें मध्यान्ह भोजन योजना (एमडीएम) से जोड़ने तथा जिले के शासकीय कर्मचारियों को मसालों की आपूर्ति सुनिश्चित करने की कार्ययोजना पर कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में आज विकासखंड सोहावल में मसाला वितरण केंद्र का शुभारंभ जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती सपना त्रिपाठी, जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम), एनआरएलएम डॉ. गौरव शर्मा तथा जनपद पंचायत सोहावल के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतिपाल बागरी द्वारा किया गया।
इस पहल का प्रमुख उद्देश्य स्व-सहायता समूहों से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना, उनके उत्पादों के लिए नियमित बाजार तैयार करना तथा समूहों की आय में वृद्धि करना है। मसाला यूनिटों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर मसालों का उत्पादन, पैकेजिंग एवं वितरण कर महिलाओं को आजीविका के नए अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। योजना के तहत स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार मसालों को मध्यान्ह भोजन योजना से जोड़ने तथा जिले के शासकीय कर्मचारियों तक उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जा रही है। इससे समूहों को अपने उत्पादों के विपणन के लिए एक व्यवस्थित माध्यम प्राप्त हो सकेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। यह पहल महिला सशक्तीकरण, स्थानीय उद्यमिता एवं ग्रामीण आजीविका संवर्धन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। एनआरएलएम के माध्यम से गठित स्व-सहायता समूहों की क्षमता का उपयोग करते हुए उन्हें उत्पादन से लेकर विपणन तक के अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। कार्यक्रम में जिले से सहायक जिला प्रबंधक कुशलेन्द्र सिंह, प्रभारी जिला प्रबंधक लघु उद्यामिता विकास सतेन्द्र सिंह, जनपद पंचायत से विकासखण्ड प्रबंधक श्वेता सिंह, सहायक विकासखण्ड प्रबंधक सीमा द्विवेदी, पूर्णिमा मिश्रा, कंचन त्रिपाठी, करूणा पाण्डेय, विनय शर्मा एवं जनपद के एडीओ, पीसीओ एवं समस्त कर्मचारी सम्मिलित रहे।
CM Madhya Pradesh
Dr Mohan Yadav
#JansamparkMP
#सतना
1 views | Satna, Madhya Pradesh | Oct 12, 2026