वृद्धाश्रमों में वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण, संवाद कार्यक्रम आयोजित
सेवा मेरा योगदान एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत
वरिष्ठजनों को स्वास्थ्य, पोषण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति किया गया जागरूक
-----
सतना 12 अक्टूबर 2026/अटल वयो अभ्युदय योजना एवं सेवा मेरा योगदान अभियान (सेवा संकल्प अभियान 2026) के अंतर्गत जिले के विभिन्न वृद्धाश्रमों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए संवेदनशीलता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उनसे आत्मीय संवाद कर उनके स्वास्थ्य, सुविधाओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली गई।
जिले के वृद्धाश्रमों में आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति जागरूक करना, उनके साथ आत्मीय संबंध स्थापित करना तथा उन्हें स्वस्थ एवं सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रेरित करना रहा। इस दौरान आयुष विभाग के विशेषज्ञों एवं आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारियों द्वारा प्राथमिक उपचार, आपातकालीन परिस्थितियों में आवश्यक सावधानियों, पोषण, सामान्य रोगों से बचाव, स्वस्थ जीवनशैली और योगाभ्यास के संबंध में व्यवहारिक जानकारी दी गई। साथ ही स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों का प्रदर्शन भी किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रमोदवन वृद्धाश्रम चित्रकूट, डॉ. लालता प्रसाद खरे पब्लिक चौरिटेबल ट्रस्ट वृद्धाश्रम चन्द्राश्रय नीमी-सकरिया, दुर्गा वृद्ध सेवा समिति वृद्धाश्रम सरभंगा, मॉडल शिक्षा समिति वृद्धाश्रम सोनौरा, प्रभा श्री जन कल्याण समिति वृद्धाश्रम श्यामनगर तथा प्रशासक श्री शारदा प्रबंधक वृद्धाश्रम मैहर सहित जिले के विभिन्न वृद्धाश्रमों में गतिविधियां आयोजित की गईं।
*सोनौरा वृद्धाश्रम में वरिष्ठजनों से किया आत्मीय संवाद*
सोनौरा स्थित मॉडल शिक्षा समिति वृद्धाश्रम में वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य परीक्षण, संवाद एवं आत्मीय भेंट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान वृद्धजनों के स्वास्थ्य की जानकारी लेकर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया। साथ ही उनकी दिनचर्या, स्वास्थ्य एवं आवश्यकताओं के संबंध में संवाद कर उन्हें स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित किया गया। चित्रकूट स्थित प्रमोदवन वृद्धाश्रम तथा नीमी-सकरिया स्थित चन्द्राश्रय वृद्धाश्रम सहित अन्य वृद्धाश्रमों में भी वरिष्ठ नागरिकों के लिए जागरूकता एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां आयोजित की गईं। नीमी-सकरिया के कार्यक्रम में श्री उमाशंकर गौतम का नाम भी उल्लेखनीय रूप से शामिल रहा। कार्यक्रमों के माध्यम से वरिष्ठजनों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, नियमित दिनचर्या अपनाने, संतुलित आहार लेने तथा योगाभ्यास को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। जिला आयुष अधिकारी डॉ. नरेन्द्र कुमार पटेल द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं ड्यूटी पर तैनात आयुष चिकित्सकों को कार्यक्रमों के प्रभावी आयोजन के निर्देश दिए गए थे। सेवा मेरा योगदान एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता, सम्मान और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर सामाजिक न्याय विभाग के कलाकार केके शुक्ला, उमाशंकर गौतम सहित वरिष्ठजन एवं सामाजिक न्याय विभाग का स्टाफ उपस्थित रहा।
CM Madhya Pradesh
Dr Mohan Yadav
#JansamparkMP
#सतना
#सेवा_संकल्प_अभियान
#SevaSankalpAbhiyan
1 views | Satna, Madhya Pradesh | Oct 12, 2026