आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से करें निराकरण- कलेक्टर श्री विश्वकर्मा
वीसी के माध्यम से कलेक्टर ने की राजस्व प्रकरणों और योजनाओं की समीक्षा
--------
--------
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बुधवार को आयोजित बैठक में कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा द्वारा राजस्व प्रकरणों, सीएम हेल्पलाइन और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और नक्शा सुधार सहित अन्य लंबित प्रकरणों की तहसीलवार पृथक-पृथक जानकारी लेते हुए एसडीएम और तहसीलदारों को समयसीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार सीएम हेल्पलाईन की निराकरण की प्रगति की भी समीक्षा कर अधिकारियों को संतुष्टिपूर्वक और त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने संबल योजना और प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना की भी विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने को निर्देशित किया कि वे असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का पंजीयन बढ़ाएं और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। पेयजल वितरण की समीक्षा करते हुए उन्होंने पीएचई, नगरीय निकाय और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल की समस्या मिलने पर तत्काल निराकृत कराएं। नागरिकों को साफ और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। इसी प्रकार एसडीएम तथा अन्य अधिकारियों को आगामी वर्षा ऋतु के दृष्टिगत जलभराव और बाढ़ संभावित क्षेत्रों को चिन्हित करने तथा आवश्यक तैयारियों के संबंध में निर्देश दिए। कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने सभी एसडीएम और अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लें और वास्तविकता के आधार पर शीघ्रता से निराकरण कराएं। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अपर कलेक्टर श्री मनोज उपाध्याय तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। विकासखण्डों से एसडीएम, तहसीलदार और संबंधित अधिकारी वीसी के माध्यम से उपस्थित रहे।
#Raisen Jansampark Madhya Pradesh JDjansampark Bhopal Collector Office Raisen
Raisen, Madhya Pradesh | Jun 3, 2026