घेराबंदी होते ही पुलिस पर फायरिंग, मुठभेड़ में महबूब अली गिरफ्तार
संतकबीरनगर। धनघटा थाना क्षेत्र के मैली गांव में गोकशी के मामले में फरार चल रहे आरोपी महबूब अली को पुलिस ने घेराबंदी के बाद मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, बीती रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोकशी के मामले में फरार आरोपी इलाके में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि टीम ने जैसे ही आरोपी को घेरा, उसने पुलिस से बचने के लिए फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया।
घायल आरोपी को उपचार के लिए खलीलाबाद जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर उसकी स्थिति का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि 11 सितंबर को मैली गांव में घर के दरवाजे से गोवंश को उठाकर ले जाने और वध करने का मामला सामने आया था।
इस मामले में पुलिस पहले भी एक आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अन्य आरोपी फरार चल रहे थे।
फिलहाल पुलिस ने घायल आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Khalilabad, Sant Kabir Nagar | Sep 13, 2026