आंगनबाड़ी केंद्र अंबाडा में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व
===========================================================
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद्, परासिया के सेक्टर क्रमांक-1 अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-5, अंबाडा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बच्चों को श्रीकृष्ण एवं राधा के स्वरूप में सजाकर आकर्षक झांकी प्रस्तुत की गई, जिसने उपस्थित जनों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद् के परामर्शदाता श्री मनीष कैथवास द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की आरती एवं बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत करने से हुआ। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नन्हे-मुन्ने बच्चे भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप के समान होते हैं और ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों में संस्कार एवं भारतीय परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं।
कार्यक्रम में बच्चों ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया। बच्चों की प्रस्तुति से अभिभूत होकर उपस्थित अतिथि भी उनके साथ नृत्य करने से स्वयं को नहीं रोक सके। आयोजन के दौरान सभी बच्चों को मिष्ठान का वितरण किया गया।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती पुष्पा भलावी एवं सहायिका श्रीमती आसमा खान ने अभिभावकों एवं ग्रामीणों से ऐसे सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों में सहभागिता बनाए रखने का आग्रह किया। यह कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी सुश्री मोनिका उईके तथा सेक्टर सुपरवाइजर श्रीमती विद्या मर्शकोले के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद् के परामर्शदाता श्री मनीष कैथवास के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति अंबाडा के सदस्य, बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, ग्रामीणजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।