प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत विशेष एएनसी शिविर आयोजित
270 गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपलब्ध कराई गईं विशेषज्ञ जांच एवं परामर्श सेवाएं
======================
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के अंतर्गत 25 नवंबर को जिला चिकित्सालय छिंदवाड़ा के मातृत्व विंग में विशेष एएनसी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देशन एवं सिविल सर्जन डॉ.कंचन दुबे के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
शिविर का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ प्रसवपूर्व जांच (एएनसी) सेवाएं उपलब्ध कराना, उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था (एचआरपी) की समय पर पहचान करना तथा आवश्यक जांच, उपचार और परामर्श उपलब्ध कराना रहा। साथ ही आवश्यकता के अनुसार गर्भवती महिलाओं को समय पर उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
270 गर्भवती महिलाओं की हुई जांच-शिविर में कुल 270 गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं एएनसी जांच की गई, जिनमें से 87 महिलाएं उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था (एचआरपी) के रूप में चिन्हित की गईं। इसके अतिरिक्त 6 महिलाओं की जीडीएम स्क्रीनिंग, 200 महिलाओं की मिनी लैब में जांच, 38 महिलाओं की मलेरिया जांच, 71 महिलाओं की एचआईवी जांच तथा 32 महिलाओं की सिकलिंग जांच की गई। वहीं 10 गर्भवती महिलाओं की निजी क्षेत्र में सोनोग्राफी भी कराई गई।
शिविर में चिन्हित उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं एवं जीडीएम से संबंधित महिलाओं को आवश्यक परामर्श, उपचार तथा नियमित फॉलोअप के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। इसके साथ ही सभी गर्भवती महिलाओं को पोषण, सुरक्षित मातृत्व, उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था तथा परिवार नियोजन से संबंधित जानकारी एवं परामर्श प्रदान किया गया।
विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने दी सेवाएं-शिविर में जिला चिकित्सालय के आरएमओ डॉ.हर्षवर्धन कोडापे, एचओडी डॉ.श्रीमती श्वेता पाठक, निजी क्षेत्र की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ.दिव्या खरे, डॉ.पूनम (एसआर, सीआईएमएस) एवं अस्पताल प्रबंधक डॉ.उदय पराड़कर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सेवाएं प्रदान कीं। इनमें नर्सिंग इंचार्ज ओपीडी श्रीमती सुरेखा मसीह, नर्सिंग ऑफिसर श्रीमती अनीता सोनी, श्रीमती प्रीति वेस, श्रीमती सोनम गौतम, कुमारी साक्षी भलावी, श्रीमती मीना धुर्वे एवं श्रीमती सोनाली, डीपीएचएनओ श्रीमती वंदना परिहार तथा एमएच कोऑर्डिनेटर श्रीमती स्वर्णलता यादव शामिल रहीं।
शिविर में निजी क्षेत्र के विशेषज्ञ चिकित्सकों का भी विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। इस प्रकार शासकीय एवं निजी क्षेत्र के चिकित्सकों की सहभागिता से गर्भवती महिलाओं को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ जांच एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Chhindwara, Madhya Pradesh | Nov 25, 2026