प्रकृति के साथ विकास की अवधारणा अपनाने का दिया संदेश
________________
निबंध प्रतियोगिता, डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन एवं ऊर्जा संरक्षण की दिलाई शपथ
________________
NSS इकाई ने किया वृक्षारोपण, विद्यार्थियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
________________
खरगोन 20 अगस्त 2026। भारतीय अक्षय ऊर्जा दिवस के अवसर पर शासकीय विधि महाविद्यालय, खरगोन में ऊर्जा संरक्षण, अक्षय ऊर्जा के उपयोग एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिग्विजय सिंह मंडलोई की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय ज्ञान परंपरा के अनुरूप दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ।
कार्यक्रम में भारतीय ज्ञान परंपरा में प्रकृति, ऊर्जा एवं पंचमहाभूतों के प्रति सम्मान तथा प्रकृति के साथ संतुलन की भावना पर प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों के लिए “प्रकृति के साथ विकास: भारतीय ज्ञान परम्परा से आधुनिक भारत तक” विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई।
इस अवसर पर अक्षय ऊर्जा के विभिन्न स्रोतों, ऊर्जा संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्राध्यापकगण, महाविद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने ऊर्जा संरक्षण एवं सद्भावना शपथ लेकर ऊर्जा की बचत, अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने, पर्यावरण संरक्षण तथा समाज में सद्भावना एवं एकता बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की भावना के अनुरूप महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान सुश्री तृप्ति जायसवाल, सुश्री तृप्ति सोनी, श्री चंद्रभान त्रिवेदी, श्री पी.एस. रावत, सुश्री शिवांगी निराले एवं श्री सत्यम निंगवाल सहित महाविद्यालय के अन्य कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य संदेश “प्रकृति के साथ विकास” की अवधारणा को अपनाते हुए भारतीय ज्ञान परंपरा से प्रेरणा लेकर ऊर्जा संरक्षण, अक्षय ऊर्जा के उपयोग एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सामूहिक प्रयास करना रहा।
#JansamparkMP #khargone
Khargone (West Nimar), Madhya Pradesh | Aug 20, 2026