*छठ महापर्व को लेकर दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग*
*जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने पूरी सजगता एवं मुस्तैदी से ड्यूटी करने का दिया निर्देश*
पटना, 12 नवंबर 2026
छठ महापर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए दीघा घाट पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के. शर्मा ने संयुक्त रूप से ब्रीफिंग करते हुए सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को पूरी सजगता, सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी पदाधिकारी निर्धारित समय से पूर्व अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंचकर ड्यूटी संभाल लें। जब तक घाट पर एक भी श्रद्धालु या व्यक्ति मौजूद रहे, तब तक संबंधित पदाधिकारी अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर तैनात रहेंगे। उन्होंने कहा कि छठव्रतियों, श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने पुलिस पदाधिकारियों को यातायात व्यवस्था के लिए निर्धारित रूट प्लान एवं यातायात नियमों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यातायात प्रबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा श्रद्धालुओं को आवागमन में अनावश्यक कठिनाई का सामना न करना पड़े।
वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के. शर्मा ने कहा कि लोगों की सुरक्षा प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी पूरी तरह सजग रहकर अपने कर्तव्यों का पालन करें। उन्होंने क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को पूरे छठ महापर्व के दौरान सक्रिय एवं तत्पर रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
ब्रीफिंग में एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट ने भी सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी दंडाधिकारियों, सेक्टर पदाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को विशेष रूप से डूबने की घटनाओं की रोकथाम एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने को कहा।
नगर आयुक्त श्री यशपाल मीना ने घाटों पर की गई बैरिकेडिंग व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि सभी संबंधित घाटों पर ट्रिपल बैरिकेडिंग की गई है। आवश्यकतानुसार क्रॉस बैरिकेडिंग की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को खतरनाक चिह्नित क्षेत्रों एवं बैरिकेडिंग के आगे किसी भी स्थिति में जाने की अनुमति नहीं दी जाए।
आपदा प्रबंधन विभाग के एडवाइजर श्री जीवन कुमार ने भी छठ महापर्व के सुरक्षित एवं सफल आयोजन के लिए आवश्यक सुझाव दिए तथा सुरक्षा व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर ध्यान आकृष्ट कराया।
संयुक्त ब्रीफिंग में उप विकास आयुक्त श्री शुभम कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
#CMSamrat
#samratchoudhary
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
City of Patna - PMC
Disaster Management Department Govt. of Bihar
Patna Traffic police
Patna Police
Art, Culture and Youth Department, Government of Bihar
Urban Development & Housing Dept, Govt. of Bihar
Patna, Bihar | Nov 12, 2026