जनसुनवाई में जिला सीईओ ने सुनीं आमजन की समस्याएं, अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश
भू-अधिग्रहण भुगतान, ग्रामसभा, सिंचाई नहर, सड़क और निर्माण राशि से जुड़ी शिकायतें पहुंचीं जनसुनवाई में
डिंडौरी कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में मंगलवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की गई। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियांशी जैन, एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
भू-अधिग्रहण भुगतान से लेकर ग्रामसभा तक की शिकायतें
डिंडौरी विकासखंड के ग्राम जुनवानी निवासी दूलचंद सिंह ने भू-अधिग्रहण के भुगतान पर रोक लगाए जाने की शिकायत करते हुए समस्या के समाधान की मांग की। मामले में जिला सीईओ ने एसडीएम डिंडौरी को प्रकरण का निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं ग्राम पंचायत सिमरिया के ग्रामीणों ने 15 अगस्त को ग्रामसभा आयोजित नहीं किए जाने की शिकायत प्रस्तुत की। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के लिए जनपद पंचायत डिंडौरी के सीईओ को निर्देशित किया गया।
सिंचाई नहर और पुल की समस्या भी पहुंची जनसुनवाई में
ग्राम रयपुरा के ग्रामीणों ने सिंचाई नहर की मरम्मत, बांध के गेट और पुल बदलने की मांग रखी। जिला सीईओ ने जल संसाधन विभाग को मामले की जांच कर आवश्यक निराकरण करने के निर्देश दिए।
इसी तरह विकासखंड समनापुर के ग्राम पंचायत धनुवासागर में सचिव और सरपंच द्वारा कब्रिस्तान एवं श्मशान घाट की राशि आहरण किए जाने की शिकायत सामने आई। जिला सीईओ ने संबंधित दस्तावेजों की जांच कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
बरगई में सड़क निर्माण की मांग
ग्राम बरगई के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर आवेदन दिया। जिला सीईओ ने जनपद पंचायत डिंडौरी के सीईओ को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
अधिकारियों को निर्देश देते हुए जिला सीईओ ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है। प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाए और आवेदकों को राहत प्रदान की जाए।
जनसुनवाई में हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया। यहां जनसुनवाई में पहुंचे आवेदकों का ब्लड प्रेशर, मधुमेह सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच के साथ लोगों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी उपलब्ध कराई।
#DindoriNews #Jansunwai #Dindori #MadhyaPradesh #MPNews