#पुरानी रंजिश में तीन लोगों पर लाठी-डंडों से हमला, सिर फटने से हुए लहूलुहान; मुकदमा दर्ज
#रेवतीपुर (गाजीपुर)। रेवतीपुर थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट की घटना सामने आई है। आरोप है कि पट्टीदारों ने लाठी-डंडों से हमला कर तीन लोगों को घायल कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, पकड़ी गांव निवासी हिरामन सिंह यादव पुत्र स्व. झूरी यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव के ही उमाशंकर यादव, शेषनाथ यादव और संदीप यादव ने पुरानी रंजिश के चलते सुनियोजित तरीके से हमला किया।
आरोप है कि तीनों आरोपी उनके पोते अरविंद यादव पुत्र स्व. रविंद्र यादव के घर के बगल में स्थित चित्तू बाबा के स्थान के पास पहुंचे और लाठी-डंडों से मारपीट करने लगे। चीख-पुकार सुनकर हिरामन सिंह यादव और उनके पुत्र अनिल यादव मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया।
इस मारपीट में हिरामन सिंह यादव, अनिल यादव और अरविंद यादव के सिर में गंभीर चोटें आईं। तीनों लहूलुहान हो गए। आरोप है कि हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
इस संबंध में रेवतीपुर थानाध्यक्ष धर्मदास सिद्धार्थ ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।