घर-घर तक पहुंचाएं नशामुक्ति का संदेश : जिला पदाधिकारी।
नशे के विरुद्ध सामूहिक पहल से ही बनेगा स्वस्थ एवं सशक्त समाज।
नशे के अवैध कारोबार की सूचना प्रशासन को दें।
मद्य निषेध विभाग के टोल फ्री नंबर 15545 पर दें सूचना।
प्रखंड कार्यालय, चनपटिया के सभागार में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन।
नशा मुक्त बिहार अभियान के तहत आज प्रखंड कार्यालय, चनपटिया के सभागार में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी, पश्चिम चम्पारण श्री तरनजोत सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री काजले वैभव नितिन, उत्पाद अधीक्षक श्रीमती सीमा चौरसिया, प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रणव कुमार गिरी, ब्रह्माकुमारी संस्थान की बहनें तथा बड़ी संख्या में जीविका दीदियां उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री तरणजोत सिंह ने नशा मुक्ति अभियान में जीविका दीदियों की सक्रियता एवं उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि जीविका दीदियों ने अपनी संगठनात्मक शक्ति और सामूहिक प्रयासों से नशे के खिलाफ एक मजबूत सामाजिक मुहिम खड़ी की है। बिहार में शराबबंदी कानून के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।
जिलाधिकारी ने समाज में सूखे नशे एवं अन्य मादक पदार्थों के बढ़ते प्रचलन पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में इस चुनौती से निपटने के लिए विशेष सतर्कता और सामूहिक भागीदारी जरूरी है। उन्होंने जीविका दीदियों से अपील की कि वे युवा पीढ़ी के साथ-साथ विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। मादक पदार्थों की तस्करी अथवा इससे जुड़ी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों या मद्य निषेध विभाग के टोल फ्री नंबर 15545 पर दें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने कहा कि जीवन की कठिनाइयों एवं तनाव से बचने के लिए नशे का सहारा लेना किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। व्यक्ति को योग, सकारात्मक सोच और दृढ़ इच्छाशक्ति के माध्यम से चुनौतियों का सामना करना चाहिए। जिलाधिकारी ने जीविका दीदियों से इस सकारात्मक संदेश को घर-घर तक पहुंचाने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जीविका के जिला परियोजना प्रबंधकश्री आरके निखिल ने कहा कि जीविका दीदियों के आग्रह और निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप ही तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने बिहार में शराबबंदी कानून लागू किया था। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में जीविका दीदियों की भूमिका आज भी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने दीदियों से प्रभात फेरी, जागरूकता रैली, रंगोली एवं अन्य सामुदायिक गतिविधियों के माध्यम से नशामुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने की अपील की।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी संस्थान की बहनों एवं भाईयों ने योग, ध्यान एवं सकारात्मक चिंतन के माध्यम से मानसिक मजबूती विकसित करने के विभिन्न उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प शक्ति, आत्मनियंत्रण और सकारात्मक जीवनशैली अपनाकर व्यक्ति नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से स्वयं को दूर रख सकता है।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारियों ने हस्ताक्षरपट्टी पर हस्ताक्षर कर तथा सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी लेकर नशामुक्त बिहार के संकल्प को मजबूती प्रदान की। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मियों एवं जीविका दीदियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम का सफल संचालन सुश्री मेरी एडलिन ने किया। अंत में चनपटिया के प्रखंड परियोजना प्रबंधक श्री मनोज कुमार ने सभी अधिकारियों, अतिथियों एवं जीविका दीदियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से ब्रह्माकुमारी संस्थान की बहनों का धन्यवाद किया, जिन्होंने योग एवं ध्यान के माध्यम से मानसिक मजबूती और दृढ़ संकल्प विकसित करने के महत्वपूर्ण उपायों से सभी को अवगत कराया।
#samratchoudhary
#cmsamrat
Samrat Choudhary
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Jeevika Paschim Champaran
JEEVIKA Bihar
#नशामुक्तबिहार #नशामुक्तबिहारअभियान #DrugFreeBihar #NashaMuktBihar #नशामुक्तसमाज #नशेकोना #नशामुक्तयुवा #स्वस्थबिहार #सशक्तबिहार #जनजागरूकता #नशामुक्तभारत #BiharGovernment #Bihar #PaschimChamparan #Bettiah