समाहरणालय, बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 07 नवंबर 2026
जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में मिशन ज्ञानार्जन की समीक्षा बैठक आयोजित, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर दिया गया जोर
आज दिनांक 07 नवंबर 2026 को जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में मिशन ज्ञानार्जन के अंतर्गत संचालित शैक्षणिक गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में आयोजित की गई।
बैठक में जिले के सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को प्रभावी बनाने तथा विद्यालयों में संचालित विभिन्न नवाचार एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि मिशन ज्ञानार्जन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रचनात्मक क्षमता, तार्किक सोच एवं व्यावहारिक ज्ञान का विकास करना है। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं विद्यालय प्रधान आपसी समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करें।
बैठक में विद्यालयों में कला, संस्कृति एवं रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने, कला उत्सव एवं वार्षिक समारोह के आयोजन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहन मिल सके।
इसके अतिरिक्त विद्यालयों में आयोजित अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी में स्थानीय ज्ञान दिवस (लोकल नॉलेज डे) के आयोजन के माध्यम से स्थानीय परंपराओं, संस्कृति, कला एवं ज्ञान से विद्यार्थियों को परिचित कराने पर जोर दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने विद्यालयों में प्रतिदिन स्वास्थ्य एवं कल्याण संबंधी कक्षाओं के नियमित संचालन तथा विद्यार्थियों में स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं बेहतर जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को मिशन ज्ञानार्जन के तहत निर्धारित गतिविधियों का नियमित अनुश्रवण करने तथा विद्यालय स्तर पर हो रही प्रगति की समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक सुधार लाना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
@top fans Information & Public Relations Department, Government of Bihar Buxar Administration Buxar Police CMO Bihar Samrat Choudhary Bihar Education Department Buxar Education Department जिला प्रशासन बक्सर #CMSamrat #IPRDBihar #IPRD_Bihar #BuxarNews #buxarcity #buxarjila #samratchaudhary #bihar #BiharNews
Buxar, Bihar | Nov 7, 2026