मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत अतिरिक्त संचालक डॉ. सलूजा ने किया महाविद्यालय का निरीक्षण
________________
शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा कर पुस्तकालय, खेल सुविधाओं एवं परिसर का किया अवलोकन
________________
खरगोन 21 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत उच्च शिक्षा विभाग, इंदौर संभाग की अतिरिक्त संचालक डॉ. किरणबाला सलूजा ने शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खरगोन का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया तथा शैक्षणिक सुविधाओं और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जीएस चौहान ने अतिरिक्त संचालक डॉ. सलूजा का स्वागत करते हुए महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग का भ्रमण क्रीड़ा अधिकारी डॉ. गगन चौधरी ने करवाया। उन्होंने खेल गतिविधियों एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। डॉ. सलूजा ने बास्केटबॉल कोर्ट, टेबल टेनिस, बैडमिंटन कोर्ट सहित अन्य खेल सुविधाओं एवं खेल मैदानों का अवलोकन किया तथा खिलाड़ियों से संवाद कर प्रशिक्षण और खेल गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता और उपलब्ध खेल अधोसंरचना की सराहना करते हुए खेल संस्कृति को और सुदृढ़ करने पर बल दिया।
डॉ. सलूजा ने महाविद्यालय के पुस्तकालय एवं रीडिंग हॉल का भी निरीक्षण किया और विद्यार्थियों से चर्चा की। ग्रंथपाल श्री गोविंद यादव ने उपलब्ध पुस्तकों, पत्र-पत्रिकाओं, मैगजीन एवं कंप्यूटर सुविधाओं की जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्था, अभिलेख, परीक्षा एवं परिणाम संबंधी कार्यों सहित विभिन्न प्रशासनिक गतिविधियों की समीक्षा की।
महाविद्यालय परिसर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने शासन की विभिन्न योजनाओं एवं दिशा-निर्देशों से संबंधित बैनर एवं सूचना सामग्री को प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित करने, परिसर की स्वच्छता बेहतर बनाने तथा विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों से चर्चा कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी भी ली।
अतिरिक्त संचालक ने कहा कि विद्यार्थियों के हित को सर्वोपरि रखते हुए शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं।
इस दौरान आइक्यूएसी प्रभारी डॉ. वंदना बर्वे, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. डीएस बामनिया सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। निरीक्षण के अंत में महाविद्यालय प्रशासन ने दिए गए निर्देशों एवं सुझावों के अनुरूप आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
#JansamparkMP #khargone #JanVishwasAbhiyan2026
#हर_शुक्रवार_जनता_के_नाम