छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर डीएम-एसपी ने किया घाटों का निरीक्षण
#छठ_महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा ने नरही और फेफना थाना क्षेत्र के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को घाटों और वहां तक पहुंचने वाले संपर्क मार्गों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा कूड़ा निस्तारण समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, जल पुलिस, गोताखोरों और एनडीआरएफ-एसडीआरएफ की टीमों को नावों के साथ तैनात रखने को कहा गया। इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल, अस्थायी शौचालय, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, सुचारु यातायात, पार्किंग और चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके अतिरिक्त अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी और सभी क्षेत्राधिकारियों ने भी अपने-अपने थाना क्षेत्रों के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।