मलेरिया टीम द्वारा भिलवाडियां, पीपल्दा, कुडायथा का भ्रमण
----
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा एवं जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. एसएन बिंदल के निर्देशन में एमटीएस श्री अरविन्द गर्ग द्वारा विकासखंड श्योपुर-बड़ौदा के ग्राम भिलवाड़िया, पीपल्दा एवं कुड़ायथा का भ्रमण किया गया।
भ्रमण के दौरान ग्राम पीपल्दा में आशा कार्यकर्ता द्वारा 48 घरों में फीवर एवं लार्वा सर्वे किया गया। बुखार से पीड़ित 05 मरीजों की आर.डी.टी. किट से जांच की गई, जिसमें सभी मरीजों की मलेरिया जांच निगेटिव पाई गई। लार्वा सर्वे के दौरान 02 घरों में मच्छरों का लार्वा पाए जाने पर तत्काल नष्टीकरण कराया गया।
एम.टी.एस. श्री अरविन्द गर्ग द्वारा भ्रमण के दौरान टीकाकरण सत्र स्थल पर आशा कार्यकर्ता, ए.एन.एम. एवं सी.एच.ओ. से संपर्क कर उनके द्वारा किए जा रहे मलेरिया संबंधी कार्यों की समीक्षा की गई।
इस दौरान ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव एवं नियंत्रण के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया कि मलेरिया संक्रमित मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है। अतः घर एवं घर के आसपास अनावश्यक रूप से पानी जमा न होने दें। घर की पानी की टंकी एवं कूलर की प्रत्येक सप्ताह सफाई करें। बुखार आने पर तुरंत खून की जांच करवाएं तथा मच्छरों से बचाव के लिए सोते समय मच्छरदानी का नियमित उपयोग करें।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur
Sheopur, Madhya Pradesh | Sep 15, 2026