दीनदयाल शोध संस्थान एवं चित्रकूट स्पोर्ट्स क्लब कर्वी द्वारा चित्रकूट खेल महोत्सव-2026 के संबंध में आयोजन समिति की बैठक संपन्न
चित्रकूट चैलेंज कप 2026 इस बार नए कलेवर में नजर आने वाला है। दीनदयाल शोध संस्थान चित्रकूट एवं चित्रकूट स्पोर्ट्स क्लब कर्वी द्वारा संयुक्त रूप से इस वर्ष आयोजित किए जाने वाले चित्रकूट खेल महोत्सव - 2026 के आयोजन के संबंध में आयोजन समिति की महत्वपूर्ण बैठक जिला पंचायत सभागार कर्वी में आयोजित की गई। बैठक में संरक्षक मंडल, सर्वोच्च प्रबंध कार्यसमिति एवं सामान्य कार्यकारिणी के सदस्यों ने प्रतिभाग कर खेल आयोजन के संबंध में अपने सुझाव रखे।
बैठक प्रारंभ होने के पूर्व आए हुए सभी सम्मानित अतिथियों का स्वागत तिलक, बैज लगाकर व अंग वस्त्र पहनाकर किया गया। तदुपरांत शिक्षाविद एवं चिंतक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी तथा चित्रकूट गौरव, राष्ट्र ऋषि भारत रत्न नानाजी देशमुख जी की प्रतिमा पर पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्जवलन कर बैठक का शुभारंभ किया गया।