सुबह हटाया अतिक्रमण, शाम को जांचने पहुंचे आयुक्त, दोबारा लगी दुकानें भी तत्काल हटवाईं
सेमरिया चौराहा क्षेत्र में सड़क किनारे ठेले, गुमटियां और दुकानें लगने से आए दिन जाम की स्थिति बन रही थी। कई बार रास्ता पूरी तरह बंद होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
आमजन की इसी समस्या को देखते हुए सोमवार सुबह आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा के निर्देश पर उपायुक्त अनुराग तिवारी के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाकर रास्ता खाली कराया गया।
शाम को आयुक्त स्वयं मौके पर पहुंचे तो कुछ जगह फिर से दुकानें लगी मिलीं, जिन्हें तत्काल हटवाया गया। आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी स्थिति में दोबारा अतिक्रमण न होने पाए और क्षेत्र की नियमित निगरानी की जाए।