सवाई माधोपुर से बड़ी खबर | पैसे डबल करने का लालच देकर साइबर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस को मिली सफलता
सवाई माधोपुर में लोगों को पैसे डबल करने का लालच देकर साइबर ठगी करने वाले आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर साइबर ठगी की रकम बैंक खातों में डलवाने का आरोप है।
पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेहा अग्रवाल एवं शहर पुलिस उपाधीक्षक राजेन्द्र कुमार के सुपरविजन में कोतवाली थाना अधिकारी मांगे लाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी मन्केश को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से म्यूल अकाउंट की जांच के निर्देश मिलने पर प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी मन्केश द्वारा साइबर ठगी की रकम बैंक खातों में डलवाई गई थी।
इस मामले में बैंक खाता धारक रामरतन सैन और खाता उपलब्ध करवाने वाले आरोपी रवि सैन को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका था, जबकि मुख्य वांछित आरोपी मन्केश घटना के बाद से फरार चल रहा था।
आखिरकार कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 21 नवंबर 2026 को आरोपी मन्केश पुत्र श्योकरण मीणा, निवासी धामून खुर्द, हाल निवासी अम्बेडकर कॉलोनी, थाना मानटाउन, सवाई माधोपुर को गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई में थाना अधिकारी मांगेे लाल के साथ कांस्टेबल रामकुमार, मनीष और हेमन्त की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर साइबर ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।