कासगंज में 23 वर्षीय युवती की गला रेतकर हत्या, सबमर्सिबल की छत पर मिला शव
फतेहसिंह बंद रेलवे क्रॉसिंग के पास नग्न अवस्था में मिला शव, डीआईजी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण; फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य
कासगंज। शहर के अशोक नगर इलाके में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 23 वर्षीय युवती का शव फतेहसिंह बंद रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित एक सबमर्सिबल की छत पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। युवती का गला रेता हुआ था। शव मिलने की सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
डीआईजी प्रभाकर चौधरी और पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अशोक नगर निवासी बाबू खां की 23 वर्षीय बेटी नेहा मंगलवार देर रात करीब एक बजे से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थी। परिजनों के मुताबिक, नेहा अपनी बड़ी बहन निशा को कथित तौर पर कोई नशीला पदार्थ खिलाकर घर में रखे करीब तीन लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर लेकर घर से निकल गई थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
बुधवार सुबह सबमर्सिबल का संचालक छत पर चिड़ियों को दाना डालने पहुंचा। इसी दौरान उसकी नजर छत पर पड़े युवती के शव पर गई। शव की हालत देखकर उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी।
सूचना मिलते ही डीआईजी प्रभाकर चौधरी, एसपी ओपी सिंह, एएसपी सुशील कुमार, सीओ आंचल चौहान और कोतवाली प्रभारी जगदीश चंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों को घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने बताया कि युवती का शव सबमर्सिबल की छत पर मिला है। घटनास्थल का फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड से सूक्ष्म निरीक्षण कराया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि युवती के मोबाइल की कॉल डिटेल, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और परिजनों के बयानों के आधार पर जांच की जा रही है।
मृतका छह भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। परिजनों के मुताबिक उसकी बड़ी बहन निशा की शादी अक्टूबर में तय थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच नेहा की हत्या की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। मां जाहिदा समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
#Kasganjpolice #crimenews