फर्जीवाड़े से जमीन का बैनामा कराने की शिकायत पर DM का एक्शन, मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी
#देवरिया, 22 सितंबर।
जनता दर्शन में जमीन के फर्जीवाड़े की शिकायत सामने आने के बाद जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया।
ग्राम कतरारी छेरिहवा निवासी रीता देवी ने जिलाधिकारी के समक्ष प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि उनकी जमीन में फर्जीवाड़ा कर बैनामा कराने के साथ ही नाम भी दर्ज करा दिया गया है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे और प्रकरण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं का स्थलीय परीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मौजूद राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी संबंधित पक्षों की सुनवाई करते हुए पूरे मामले की जांच की जाए और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे मामलों में पूरी गंभीरता बरतने और प्रकरण का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के स्वयं मौके पर पहुंचकर मामले की जांच और निस्तारण की पहल किए जाने से स्थानीय लोगों में भी चर्चा रही। उपस्थित लोगों ने जिलाधिकारी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह मौके पर पहुंचकर कार्रवाई किए जाने से फरियादियों को राहत मिल रही है और उन्हें अपने मामलों के लिए बार-बार अधिकारियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।
मौके के निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार शिवेंद्र कौंडिल्य सहित राजस्व विभाग के कानूनगो, लेखपाल एवं संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।