बलिया में पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री एवं रक्षा मंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव की स्मृति में आयोजित कवि सम्मेलन एवं मुशायरे में कुर्सी को लेकर विवाद खड़ा हो गया।
कार्यक्रम में पहुंचे समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव अकमल नईम खान मुन्ना कथित तौर पर अपनी सीट को लेकर हुए घटनाक्रम से नाराज होकर कार्यक्रम छोड़कर चले गए। उन्होंने सार्वजनिक रूप से अपमानित किए जाने और मुस्लिम होने के कारण भेदभाव किए जाने का आरोप लगाया है।
अकमल नईम खान मुन्ना के मुताबिक, वह पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी के आमंत्रण पर कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में आने वाले शायर अजीज रूमानी को रिसीव करने के लिए उन्हें रात करीब 9:30 बजे फोन किया गया था। इसके बाद वह उन्हें लेने गए और देर रात वापस लौटे। रातभर जागने के बावजूद वह कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे।
उनका कहना है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि कार्यक्रम में किसकी सीट आरक्षित है और किसकी नहीं। प्रदेश सचिव होने के नाते वह आगे जाकर बैठ गए, लेकिन बाद में उन्हें वहां से उठने के लिए कहा गया। अकमल नईम खान का आरोप है कि जिस तरीके से सबके सामने उन्हें सीट से उठने को कहा गया, उससे उन्हें काफी अपमान महसूस हुआ।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सीट आरक्षित थी तो इसकी जानकारी पहले ही दी जानी चाहिए थी। उन्होंने आरोप लगाया कि मुस्लिम होने के कारण उनके साथ ऐसा व्यवहार किया गया। इस दौरान उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, "हम मुसलमान हैं इसलिए अपमानित करेंगे।"
अकमल नईम खान ने यह भी स्पष्ट किया कि वह अखिलेश यादव के कार्यकर्ता हैं और समाजवादी पार्टी छोड़ने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में रहकर ही सेवा करते रहेंगे और सपा का झंडा उठाते रहेंगे।
उन्होंने बताया कि सपा नेता धर्मेंद्र यादव के कार्यक्रम में पहुंचने की जानकारी पर वह बुके लेकर भी आए थे, लेकिन कथित अपमान से आहत होकर कार्यक्रम छोड़कर चले गए। उन्होंने कहा, "जहां सम्मान नहीं, वहां रहना जरूरी नहीं। अपमानित होकर नहीं रहना है।"
इस पूरे घटनाक्रम के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है कि क्या समाजवादी पार्टी के भीतर नेताओं और कार्यकर्ताओं के सम्मान को लेकर नाराजगी बढ़ रही है? हालांकि, इस मामले में पूर्व मंत्री एवं कार्यक्रम आयोजक अंबिका चौधरी की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
#Ballia #AmbikaChaudhary #SamajwadiParty #MulayamSinghYadav #BalliaPolitics #BalliaKhabar #UPPolitics #SPNews