जनगणना को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में बेलथरा रोड के उपजिलाधिकारी शरद चौधरी ने तहसील सभागार में तहसील कर्मचारियों, सहकर्मियों और पत्रकारों के साथ स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी की। उन्होंने स्वयं स्व-गणना कर लोगों को इसके प्रति जागरूक किया और क्षेत्रवासियों से बढ़-चढ़कर इसमें भाग लेने की अपील की।
एसडीएम शरद चौधरी ने कहा कि जनगणना देश के विकास और भविष्य की योजनाओं को सही दिशा देने का महत्वपूर्ण आधार है। इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि स्व-गणना के दौरान मांगी गई सभी जानकारियां सही-सही दर्ज करें, ताकि जनगणना का कार्य सटीक और प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके।
वहीं तहसीलदार राजू कुमार ने कहा कि सभी की सक्रिय भागीदारी से जनगणना का कार्य सुचारु रूप से पूरा किया जा सकेगा।
इस दौरान एसडीएम ने मतदाता सूची को लेकर भी लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाना, कटवाना या संशोधन कराना है, वे अपने नजदीकी प्राथमिक विद्यालय पहुंचकर बीएलओ और सुपरवाइजर से संपर्क करें। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य बताते हुए लोगों से इसका लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों को ईवीएम और वीवीपैट के माध्यम से मतदान प्रक्रिया का डेमो भी कराया गया। इस दौरान उन्हें इलेक्ट्रॉनिक मतदान प्रणाली की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई।
#BalliaKhabar #Ballia #BeltharaRoad #SDMSharadChaudhary #जनगणना2026 #स्वगणना #Census2026 #BalliaNews #मतदाता\_सूची #EVM #VVPAT #बलिया