गया में दरोगा पुत्र हत्याकांड के आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा, एनकाउंटर में दो बदमाशों को लगी गोली
भिक्षा गांव में देर रात दो बजे मुठभेड़, श्याम बिहारी और गौरव उर्फ कला घायल; मगध मेडिकल अस्पताल में चल रहा इलाज
गया। दरोगा पुत्र रानू सिंह हत्याकांड में गया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भिक्षा गांव में शुक्रवार देर रात करीब दो बजे पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपी घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी है। घायल बदमाशों की पहचान श्याम बिहारी और गौरव उर्फ कला के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसपी सुशील कुमार ने मुठभेड़ की घटना की पुष्टि की है।
19 अक्टूबर की रात हुई थी सनसनीखेज हत्या
यह सनसनीखेज वारदात 19 अक्टूबर 2026 की देर रात करीब 11:30 बजे मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नौरंगा आहार के पास सिद्धार्थपुरी कॉलोनी में हुई थी। मोतिहारी में तैनात दरोगा सुधांशु शेखर उर्फ पिंटू सिंह के दोनों बेटों पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं। गोलीबारी में छोटे बेटे रानू सिंह (30) की मौत हो गई थी, जबकि बड़े बेटे मोनू सिंह (32) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मोनू सिंह का पटना के अस्पताल में इलाज चल रहा है।
साजिश के तहत बुलाकर गोली मारने का आरोप
प्रारंभिक जांच में पुराने विवाद और जुए से जुड़े मामले को लेकर हत्या की आशंका जताई गई थी। बताया गया था कि दोनों भाइयों को फोन कर एक स्थान पर बुलाया गया और फिर उन पर गोलियां चलाई गईं। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और साजिश में शामिल लोगों की भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
पुलिस और एसटीएफ की लगातार छापेमारी
हत्याकांड के बाद गया पुलिस और एसटीएफ की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थीं। इस मामले में पहले भी दो आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई थी। अब भिक्षा गांव में मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों के घायल होने से जांच ने नया मोड़ ले लिया है।
मामले में यह जानकारी भी सामने आई है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक नरेंद्र सिंह, घायल आरोपी श्याम बिहारी का पिता बताया जा रहा है। नरेंद्र सिंह के सेवानिवृत्त दरोगा होने की भी चर्चा है।
फिलहाल, घायल आरोपियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस की ओर से मुठभेड़ की परिस्थितियों, बरामदगी और हत्याकांड में अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
#गयाजी
#gaya
#गया_हो
#CrimeNews
#GayaPolice
#BiharCrimeNews