बैरगनिया में पहुंचा किन्नर समाज का जत्था, फर्जी किन्नरों पर कार्रवाई की मांग
*********************************************
बैरगनिया: सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया में मंगलवार को किन्नर समाज का एक जत्था पहुंचा। समाज की गुरु एवं अध्यक्ष ज्योति किन्नर के नेतृत्व में पहुंचे किन्नरों ने बैरगनिया थाना अध्यक्ष से मुलाकात कर कथित रूप से फर्जी किन्नर बनकर लोगों से बधाई के नाम पर पैसे मांगने और ठगी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
किन्नर समाज की अध्यक्ष ज्योति किन्नर ने बताया कि उन्हें लगातार स्थानीय लोगों से शिकायत मिल रही थी कि कुछ लोग किन्नर का रूप धारण कर बैरगनिया एवं आसपास के क्षेत्रों में घूम रहे हैं। आरोप है कि ये लोग लोगों के घरों में पहुंचकर कथित रूप से दबाव बनाकर बधाई मांगते हैं और किन्नर समाज के नाम पर पैसे वसूलते हैं।
शिकायत मिलने के बाद ज्योति किन्नर जांच के लिए बैरगनिया पहुंचीं। इसके बाद उन्होंने अपने चेले मुन्ना किन्नर, पूजा किन्नर, रूबी किन्नर और मुस्कान किन्नर के साथ बैरगनिया थाना पहुंचकर थाना अध्यक्ष अरविंद कुमार गिरी को पूरे मामले की जानकारी दी।
किन्नर समाज ने पुलिस से मांग की कि किन्नर समाज के नाम का गलत इस्तेमाल करने वाले कथित फर्जी किन्नरों की पहचान कर उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि समाज की प्रतिष्ठा प्रभावित न हो और आम लोगों को भी परेशानी का सामना न करना पड़े।
पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Dumra, Sitamarhi | Sep 1, 2026