जिला न्यायालय में टली बड़ी अनहोनी: गवाही देने पहुंचे आरोपियों से पिस्टल और तीन चाकू बरामद
पुलिस की तत्परता से संभावित वारदात नाकाम, तीन गिरफ्तार; कोर्ट सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश
दमोह। जिला न्यायालय परिसर में बुधवार को एक संभावित बड़ी अनहोनी उस समय टल गई, जब गवाही देने पहुंचे कुछ लोगों के पास अवैध हथियार होने की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सर्च अभियान चलाया। तलाशी के दौरान एक पिस्टल और तीन चाकू बरामद किए गए। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को जिला न्यायालय में एक चर्चित हत्या प्रकरण की सुनवाई होनी थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मामले से जुड़े कुछ लोग अवैध हथियारों के साथ न्यायालय परिसर में मौजूद हैं और किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने न्यायालयीन स्टाफ के सहयोग से परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया।
तलाशी के दौरान तीन आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल और तीन धारदार चाकू बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं कुछ अन्य संदिग्ध व्यक्तियों को भी अभिरक्षा में लेकर उनके संबंध में जांच की जा रही है।
कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि बरामद हथियारों के संबंध में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा आरोपियों से पूछताछ जारी है। वहीं एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदोरिया ने बताया कि आरोपी हथियार लेकर न्यायालय परिसर क्यों पहुंचे थे, इसकी जांच की जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने जिला न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है। जांच के बाद घटना के उद्देश्य सहित संभावित पहलुओं पर पूंछताछ कर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
Damoh, Damoh | Jun 18, 2026