मुजफ्फरनगर। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सुभाष पुत्र रणवीर, निवासी ग्राम किनौनी, थाना शाहपुर, मुजफ्फरनगर, उम्र करीब 50 वर्ष के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सुभाष को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को सुबह करीब 10:15 बजे थाना कोतवाली नगर को सूचना मिली कि पिन्ना गांव के पास शामली रोड पर सुभाष को गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रेम प्रसंग से जुड़ी रंजिश का मामला
पुलिस की प्रथमदृष्टया जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले ग्राम किनौनी का एक युवक और युवती, जो एक ही जाति के बताए जा रहे हैं, प्रेम प्रसंग के चलते घर से चले गए थे। पुलिस ने युवती को सकुशल बरामद कर लिया था, जबकि युवक के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई थी।
पुलिस के मुताबिक, प्रथमदृष्टया इसी मामले से जुड़ी रंजिश के चलते युवती पक्ष द्वारा युवक के पिता सुभाष को गोली मारने की घटना सामने आई है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस का कहना है कि घटना में संलिप्त आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
स्रोत: MEDIA CELL, MUZAFFARNAGAR POLICE
.
.
.
.
#Muzaffarnagar #MuzaffarnagarNews #MurderNews #Firing #CrimeNews #Pinna #ShamliRoad #KotwaliNagar #UPPolice #SanjayKumarVerma #PoliceInvestigation #UttarPradesh #UPNews #NHPBharat
Fatehabad, Agra | Sep 16, 2026