आपदा प्रभावित गांवों में पहुंचे कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी, अधिकारियों को राहत के निर्देश,
सड़क, पेयजल और पैदल मार्गों की क्षति का शीघ्र आकलन कर प्रस्ताव तैयार करने को कहा,
रुद्रप्रयाग। कैबिनेट मंत्री एवं ग्रामीण विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने रविवार को विकासखंड जखोली के आपदा प्रभावित किमाना, खाटली, रायड़ी सहित विभिन्न गांवों का दौरा किया। उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर आपदा से हुए नुकसान की जानकारी ली और उनकी समस्याएं मौके पर सुनीं। मंत्री ने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मंत्री भरत चौधरी ने कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और जरूरतमंद परिवारों तक सहायता समय पर पहुंचाई जाए।
उन्होंने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षात्मक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क, पेयजल आपूर्ति और पैदल रास्तों समेत क्षतिग्रस्त सार्वजनिक व्यवस्थाओं का शीघ्र आकलन तैयार करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि क्षति का स्थलीय निरीक्षण कर सभी आवश्यक कार्यों के प्रस्ताव तैयार किए जाएं, ताकि स्वीकृति की प्रक्रिया जल्द पूरी कर प्रभावित क्षेत्रों में निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू किए जा सकें।