सफलता की कहानी
===
दीदी कैफे से आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिख रहीं स्व-सहायता समूह की महिलाएं
==
जय मां काली स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने मेहनत और लगन से बनाया रोजगार का सफल मॉडल
===
मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं स्वरोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम कर रही हैं। जबेरा में जय मां काली स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित दीदी कैफे महिलाओं के आत्मविश्वास, मेहनत और स्वावलंबन का उदाहरण बनकर उभरा है।
आजीविका मिशन परिसर जबेरा में संचालित दीदी कैफे में चाय, नाश्ता, भोजन सहित विभिन्न खाद्य सामग्री तैयार की जाती है। ग्राहक की मांग और मौसम के अनुसार विभिन्न पकवान एवं नाश्ते की वैरायटी तैयार करने से कैफे को लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। सामग्री की खरीदारी से लेकर भोजन तैयार करने, ग्राहकों को सर्विस देने तथा काउंटर के हिसाब-किताब तक का कार्य समूह की महिलाएं स्वयं संभाल रही हैं।
स्वरोजगार से बदली महिलाओं की जिंदगी
दीदी कैफे की संचालक सविता रैकवार एवं कृष्णा रैकवार ने बताया कि समूह से जुड़ने और ऋण लेकर व्यवसाय शुरू करने के बाद उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार आया है। अब वे बच्चों की पढ़ाई सहित परिवार की आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से पूरा करने में सक्षम हैं। महिलाओं का कहना है कि दीदी कैफे उनके लिए केवल रोजगार का साधन नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और समाज में नई पहचान का माध्यम भी बन गया है।
मेहनत और लगन से बनी आत्मनिर्भरता की पहचान
आजीविका मिशन के सहायक ब्लॉक प्रबंधक अजय शुक्ला ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप कमजोर आर्थिक स्थिति वाले परिवारों की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से दीदी कैफे की शुरुआत की गई है। समूह की महिलाओं ने मेहनत, लगन और समर्पण से कैफे को सफल बनाया है। उन्होंने बताया कि महिलाओं द्वारा संचालित दीदी कैफे को सहयोग प्रदान करने के लिए पूर्व में तत्कालीन एसडीएम सौरभ गंधर्व द्वारा विभिन्न विभागों को पत्र के माध्यम से निर्देश भी दिए गए थे।
दीदी कैफे के संचालन में आजीविका मिशन जबेरा के अजय शुक्ला, दीपक सोनी सहित स्टाफ का सहयोग मिल रहा है। समूह की महिलाओं का यह प्रयास “सशक्त नारी, सशक्त समाज” की भावना को सार्थक करते हुए ग्रामीण महिलाओं के लिए स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की प्रेरणादायी मिसाल प्रस्तुत कर रहा है।
11 views | Damoh, Madhya Pradesh | Sep 30, 2026