आरसेटी में 12 दिवसीय बकरी पालन प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ समापन
-----
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) श्योपुर में एनआरएलएम के सहयोग से गत 25 अक्टूबर से 05 नवंबर 2026 तक आयोजित 12 दिवसीय बकरी पालन प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम में समूह की महिला प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए बकरी पालन से संबंधित प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण के दौरान आरसेटी श्योपुर के निदेशक श्री गोडफ्रे मार्टिन लकरा द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न शासकीय ऋण योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के बारे में विस्तार से बताया गया तथा महिलाओं को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने एवं अपनी आजीविका को विकसित करने के लिए मार्गदर्शन दिया गया।
इस दौरान डीपीएम एनआरएलएम श्री एस.के. मुदगल एवं डीएम स्किल श्री प्रमोद कुमार राय द्वारा भी समय-समय पर प्रशिक्षणार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया गया। उन्होंने महिलाओं को बकरी पालन व्यवसाय अपनाकर आर्थिक रूप से सशक्त बनने एवं स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन अवसर पर आरसेटी श्योपुर के निदेशक श्री गोडफ्रे मार्टिन लकरा, डीपीएम श्री एस.के. मुदगल, डीएम स्किल श्री प्रमोद कुमार राय, श्री पंकज कानवा, श्री दीपक शर्मा, श्री लेखराज सिंह, श्री ब्रजेश गौड़ आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना तथा उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रोत्साहित करना रहा।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur