*बिजली व्यवस्था में व्यवधान रोकने के लिए हिसार पुलिस अलर्ट, पावर हाउसों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत*
*बिजली कर्मचारियों की प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल के मद्देनजर हिसार पुलिस सतर्क, महत्वपूर्ण बिजली प्रतिष्ठानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए आवश्यक प्रबंध।*
हिसार, 22 अक्टूबर। हरियाणा में बिजली विभाग के कर्मचारियों द्वारा तीन दिवसीय हड़ताल के आह्वान के मद्देनजर हिसार पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद है। पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन के निर्देशानुसार जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, महत्वपूर्ण बिजली प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं।
हिसार पुलिस द्वारा पावर हाउसों एवं अन्य महत्वपूर्ण बिजली प्रतिष्ठानों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, जिला प्रशासन एवं बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस का मुख्य उद्देश्य बिजली आपूर्ति व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बनाए रखना, सरकारी कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न होने से रोकना तथा जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम रखना है। किसी भी प्रकार की असामान्य गतिविधि या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने के प्रयास पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
*हिसार पुलिस की आमजन से अपील*
हिसार पुलिस आमजन से अपील करती है कि वे शांति एवं सौहार्द बनाए रखें, किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और अपुष्ट सूचनाओं को सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
हिसार पुलिस आमजन की सुरक्षा, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
Uklana, Hissar | Oct 22, 2026