सफलता की कहानी
...
इंजीनियर कृष्णचन्द्र शुक्ला ने मशरूम की खेती से प्रतिमाह कमा रहे हैं 01 लाख रुपये, कई लोगों को दे रहे रोजगार
...
मन में कुछ अलग करने का जुनून हो तो कोई भी काम छोटा नहीं होता। ब्यौहारी के किसान एवं इंजीनियर श्री कृष्णचन्द्र शुक्ला ने इस बात को सच कर दिखाया है। नोएडा में 01 लाख 50 हजार रुपये प्रतिमाह के वेतन पर नौकरी करने वाले कृष्णचन्द्र शुक्ला ने नौकरी छोड़कर अपने क्षेत्र में मशरूम उत्पादन का कार्य शुरू किया। आज उनकी मेहनत और नवाचार ने इस काम को सफल व्यवसाय का रूप दे दिया है और वे मशरूम उत्पादन से लगभग 01 लाख रुपये प्रतिमाह की आय अर्जित कर रहे हैं।
श्री कृष्णचन्द्र शुक्ला द्वारा ब्यौहारी में शकुन मशरूम प्लांट संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नौकरी के दौरान महानगर में रहते हुए उन्हें यह महसूस हुआ कि अपने क्षेत्र में रहकर आधुनिक कृषि एवं कृषि आधारित व्यवसाय के माध्यम से बेहतर कार्य किया जा सकता है। इसी सोच के साथ उन्होंने अच्छी-खासी नौकरी छोड़कर मशरूम उत्पादन को अपनी आजीविका का माध्यम बनाने का निर्णय लिया।
शुरुआत में यह निर्णय चुनौतीपूर्ण था, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। मशरूम उत्पादन की तकनीक को समझा, प्रशिक्षण एवं आवश्यक जानकारी उद्यानिकी विभाग से प्राप्त की और धीरे-धीरे उत्पादन बढ़ाना शुरू किया। उनकी मेहनत का परिणाम आज सामने है। उनके प्लांट में उत्पादित मशरूम की बिक्री शहडोल एवं रीवा के बाजारों में की जाती है। अब तक लगभग 50 टन मशरूम का विक्रय किया जा चुका है, जिससे उन्हें अच्छी आय प्राप्त हुई है।
इंजीनियर कृष्णचन्द्र शुक्ला बताते हैं कि मशरूम की फसल लगभग 45 दिनों में पूर्ण रूप से तैयार हो जाती है। उत्पादन में जैविक खाद का प्रयोग किया जाता है। कम अवधि में फसल तैयार होने और बाजार में मशरूम की अच्छी मांग के कारण यह व्यवसाय उनके लिए लाभकारी साबित हो रहा है।
नौकरी छोड़कर बने रोजगार देने वाले
कभी स्वयं एक बड़ी कंपनी में नौकरी करने वाले इंजीनियर कृष्णचन्द्र शुक्ला आज केवल अपने लिए ही रोजगार नहीं कर रहे, बल्कि मशरूम उत्पादन के माध्यम से कई लोगों को रोजगार भी उपलब्ध करा रहे हैं। प्लांट के संचालन, उत्पादन, रख-रखाव एवं अन्य कार्यों में स्थानीय लोगों को काम मिल रहा है। इस प्रकार उनका प्रयास ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा करने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रहा है।
सरकारी योजना से बढ़ेगा कारोबार
श्री कृष्णचन्द्र शुक्ला अब अपने मशरूम उत्पादन को और बड़े स्तर पर ले जाने की तैयारी कर रहे हैं। वे नेशनल हॉर्टिकल्चर मिशन योजना का लाभ लेकर मशरूम उत्पादन इकाई का विस्तार करेंगे। योजना के माध्यम से मिलने वाली सहायता से उत्पादन क्षमता बढ़ाने, आधुनिक सुविधाएं विकसित करने और बाजार की मांग के अनुरूप मशरूम उत्पादन को विस्तार देने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
किसानों के लिए प्रेरणा बनी कहानी
कृष्णचन्द्र शुक्ला की कहानी उन युवाओं और किसानों के लिए प्रेरणादायी है, जो कृषि को केवल पारंपरिक खेती तक सीमित मानते हैं। उन्होंने तकनीकी शिक्षा और इंजीनियरिंग की पृष्ठभूमि का उपयोग कृषि क्षेत्र में करते हुए यह साबित किया है कि आधुनिक तकनीक, मेहनत और सही बाजार की समझ के साथ कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाया जा सकता है।
#शहडोल #shahdol CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh
Shahdol, Madhya Pradesh | Aug 31, 2026