मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा जल संरक्षण एवं जल संचय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकासखंड गोहपारू अंतर्गत ग्राम देवदहा के उल्टा नाला पर बोरी बंधान का कार्य किया गया। नवांकुर संस्था वीर सावरकर सेवा समिति, देवरी नंबर-2 एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति देवदहा के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस जल संरक्षण गतिविधि में 50 बोरियों का बंधान किया गया ।
इस पहल का उद्देश्य वर्षा एवं नालों में बहकर व्यर्थ चले जाने वाले पानी को रोककर उसका अधिक समय तक संचय करना है। बोरी बंधान से नाले में पानी का ठहराव होगा, जिससे आसपास के खेतों में नमी एवं सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता बढ़ेगी। साथ ही पशु-पक्षियों एवं अन्य जीव-जंतुओं को भी पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। जल संरक्षण की यह छोटी पहल भविष्य में भूजल स्तर को बनाए रखने और प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण में भी सहायक बनेगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने जल संरक्षण की शपथ लेते हुए संकल्प लिया कि गांवों में बहते हुए पानी को रोकने के लिए अन्य नालों पर भी इसी प्रकार बोरी बंधान किया जाएगा, ताकि वर्षा जल का अधिक से अधिक संचय हो सके और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षित रखा जा सके।
इस अवसर पर शहडोल संभाग के संभाग समन्वयक श्री भीम सिंह डामोर, जिला समन्वयक श्री विवेक पांडे एवं विकासखंड समन्वयक श्री आलोक सोंधिया, नवांकुर संस्था के अध्यक्ष मुकेश केवट सहित समिति के सदस्य यशवंत केवट, मखन यादव, रामखेलावन पनिका, गोकर्ण केवट, हेमदिन, संजय यादव, सुरेंद्र केवट, अजीत यादव, श्रेयांश केवट, सौरभ, रामनरेश यादव एवं देवदहा साक्षी सिंह सहित अन्य लोगों ने श्रमदान कर बोरी बंधान कार्य में सहभागिता निभाई।