🔳अवैध गैस भंडारण पर संयुक्त टीम ने की बड़ी कार्रवाई, 100 से अधिक सिलेंडर जब्त, गोदाम सील
🔳रहवासी क्षेत्र में खुले स्थान पर रखे मिले सिलेंडर, निर्धारित प्रक्रिया के विपरीत किया जा रहा था वितरण
🔳कटनी – गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण एवं निर्धारित प्रक्रिया के विपरीत वितरण की शिकायत पर कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने अशोक गैस एजेंसी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुये 100 से अधिक गैस सिलेंडर जब्त किए तथा विवेकानंद वार्ड क्रमांक 38 स्थित गैस गोदाम को सील कर दिया।
जांच के दौरान टीम ने पाया कि अशोक गैस एजेंसी का कर्मचारी भानु प्रताप बर्मन वनस्वरूप वार्ड के समीप रहवासी क्षेत्र में खुले स्थान पर 100 से अधिक गैस सिलेंडर रखकर उपभोक्ताओं को वितरित कर रहा था। मौके पर गैस वितरण के लिए कोई अधिकृत डिलीवरी वाहन भी मौजूद नहीं पाया गया। नियमानुसार उपभोक्ताओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत डिलीवरी वाहन के माध्यम से ही गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाने का प्रावधान है। नियमों के उल्लंघन और सुरक्षा संबंधी जोखिम को देखते हुए टीम ने मौके पर सिलेंडरों की जब्ती की कार्रवाई की।
इसके बाद संयुक्त टीम ने विवेकानंद वार्ड क्रमांक 38 स्थित गैस गोदाम पर छापामार कार्रवाई की। गोदाम का शटर बंद मिलने पर उसके नीचे से वीडियोग्राफी कराई गई, जिसमें अंदर बड़ी संख्या में भरे हुए गैस सिलेंडर रखे होना पाया गया। इसके अलावा एजेंसी का वाहन भी गैस सिलेंडरों से भरा मिला। कार्रवाई के दौरान एजेंसी संचालक मौके पर उपस्थित नहीं थे।
संयुक्त टीम ने गोदाम को सील कर पंचनामा तैयार किया। मामले में नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार श्री आकाश नीरज, सहायक आपूर्ति अधिकारी श्री यज्ञदत्त त्रिपाठी, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री सुनील किरार, श्री नागेश श्रीवास एवं पुलिस आरक्षक श्री अजय तिवारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण, अनियमित वितरण और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी
Katni, Madhya Pradesh | Nov 5, 2026