
त्योहारी सीजन में सुरक्षा का 'चक्रव्यूह', शहर थाना प्रबंधक ने व्यापारियों के साथ की बैठक
कहा- चप्पे-चप्पे पर तीसरी आंख का रहेगा पहरा
रेवाड़ी, समाचार पंकज कुमार
: पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के दिशा-निर्देशानुसार आगामी त्योहारों (दीपावली, धनतेरस आदि) के मद्देनजर बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा सुगम यातायात प्रबंधन के उद्देश्य से थाना शहर रेवाड़ी परिसर में स्थानीय व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रबंधक थाना शहर निरीक्षक सूबे सिंह द्वारा की गई, जिसमें शहर के प्रमुख व्यापारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बैठक के दौरान प्रबंधक थाना शहर रेवाड़ी निरीक्षक सूबे सिंह ने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं तथा त्योहारों के दौरान बाजारों में सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक के प्रमुख बिंदु एवं लिए गए अहम निर्णय:
साइबर अपराध व फर्जी ऐप्स से सतर्कता: त्योहारी सीजन में ऑनलाइन लेन-देन बढ़ने के मद्देनजर व्यापारियों को साइबर ठगी, अज्ञात लिंक, फर्जी लॉटरी संदेशों और अवैध लोन/गेमिंग ऐप्स के प्रति जागरूक किया गया। किसी भी संदिग्ध कॉल या वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी पुलिस स्टेशन में सूचना देने की सलाह दी गई।
अतिक्रमण पर सख्त रोक: बाजारों में राहगीरों व ग्राहकों के सुगम आवागमन के लिए व्यापारियों से अपील की गई कि वे अपनी दुकानों के बाहर फुटपाथ या सड़क पर सामान रखकर अतिक्रमण न करें। सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सभी व्यापारी पुलिस का सहयोग करें।
सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी: सुरक्षा व अपराध नियंत्रण को पुख्ता करने के लिए सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर उच्च क्षमता वाले नाइट-विजन सीसीटीवी कैमरों का फोकस मुख्य सड़क व प्रवेश द्वार की ओर रखने को कहा गया ताकि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा सके।
लोडिंग वाहनों के लिए विशेष व्यवस्था (जाम मुक्ति समाधान): त्योहारी सीजन में ग्राहकों की भीड़ के बीच माल ढुलाई वाले वाहनों से लगने वाले जाम की समस्या पर विचार-विमर्श कर व्यावहारिक समाधान निकाला गया। सहमति बनी कि जिस व्यापारी का माल बाजार में आना है, उस वाहन चालक को पुलिस बैरिकेड/चेक-पॉइंट पर चेक करने के बाद रात्रि 9 बजे से सुबह 9 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा। इससे अनावश्यक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगेगी, जाम से राहत मिलेगी और व्यापारिक आपूर्ति भी बाधित नहीं होगी। इस अवसर पर मुख्य रूप से हेमंत अग्रवाल, भोपाल मित्तल, अजय कुमार, संजीव जैन, कपिल गुप्ता सहित शहर के अनेक व्यापारी एवं पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।
Rewari, Rewari | Nov 5, 2026