
रेड क्रॉस सोसायटी ने विद्यार्थियों को दी एचआईवी से बचाव, जांच एवं उपचार की जानकारी
एचआईवी संक्रमण से बचाव एवं जागरूकता पर विशेष कार्यक्रम आयोजित
विशेषज्ञों ने एचआईवी से जुड़े भ्रम एवं भ्रांतियों को किया दूर
स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवनशैली अपनाने के लिए विद्यार्थियों को किया प्रेरित
पंचकूला, 26 अगस्त : रेड क्रॉस सोसायटी, पंचकूला द्वारा उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा के दिशा-निर्देशन में मेशान फाउंडेशन, पंचकूला के सहयोग से एचआईवी संक्रमण से बचाव एवं जागरूकता विषय पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खालसा कॉलेज, सेक्टर-26, चंडीगढ़ तथा जीजीडीएसडीसी कॉलेज, खेड़ी गुमा के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. नेहा, एडोलेसेंट हेल्थ काउन्सेलर तथा डॉ. रचना सैनी, आईसीटीसी काउन्सेलर, सिविल अस्पताल, सेक्टर-6, पंचकूला ने विद्यार्थियों को एचआईवी संक्रमण, इसके कारणों, बचाव के उपायों, जांच एवं उपचार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को एचआईवी से जुड़े भ्रम एवं भ्रांतियों को दूर करते हुए जागरूक एवं जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, हरियाणा राज्य शाखा, चंडीगढ़ के महासचिव डॉ. सुनील कुमार ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों को कहा कि युवाओं में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है। एचआईवी के प्रति सही जानकारी एवं जागरूकता ही इसके संक्रमण की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को एचआईवी संक्रमण के प्रति जागरूक करते हुए समाज में स्वास्थ्य संबंधी सही एवं प्रमाणिक जानकारी के प्रसार का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को एचआईवी संक्रमण से बचाव, समय पर जांच तथा स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर श्रीमती विजय लक्ष्मी, सचिव, रेड क्रॉस सोसायटी, पंचकूला, डॉ. प्रभजोत गुरोन, फाउंडर एवं डायरेक्टर , मेशान फाउंडेशन , श्रीमती नीलम कौशिक, सामाजिक कार्यकर्ता सहित रेड क्रॉस सोसायटी, पंचकूला का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia