घर से बिना बताए निकली 23 वर्षीय युवती को पंचकूला पुलिस ने नोएडा से सुरक्षित खोज निकाला, परिजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
पंचकूला/ 27 अगस्त:- पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में पंचकूला पुलिस द्वारा गुमशुदा लोगों की तलाश कर उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाने के लिए लगातार गंभीरता और तत्परता से कार्रवाई की जा रही है।
इसी कड़ी में पंचकूला के सेक्टर-21 क्षेत्र से 3 अगस्त को एक 23 वर्षीय युवती अपने परिजनों को बिना बताए घर से चली गई थी। युवती के वापस घर न लौटने पर परिजनों ने 4 अगस्त को सेक्टर-21 चौकी में इसकी सूचना दी। सूचना के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी।
चौकी इंचार्ज मुकेश सैनी की अगुवाई में पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए युवती की तलाश की। पुलिस टीम को महत्वपूर्ण जानकारी मिलने के बाद 26 अगस्त को युवती को नोएडा से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पूछताछ में युवती ने बताया कि वह कामकाज के सिलसिले में नोएडा गई थी। पुलिस ने आवश्यक काउंसलिंग के बाद युवती को सकुशल उसके परिजनों के हवाले कर दिया। युवती के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने पंचकूला पुलिस का आभार व्यक्त किया।
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि किसी भी कारण से घर से बाहर जाते समय अपने परिजनों को इसकी जानकारी जरूर दें और कोई भी महत्वपूर्ण निर्णय लेने से पहले परिवार से सलाह मशवरा करें। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों के साथ बेहतर संवाद बनाए रखें और उनकी बातों को समझने का प्रयास करें, ताकि बच्चे अपनी परेशानियां और भावनाएं खुलकर परिवार के साथ साझा कर सकें।