बरवाला में अवैध कॉलोनियों पर बड़ी कार्रवाई, जेसीबी से रोड नेटवर्क और प्लॉट डिमार्केशन ध्वस्त
बिना अनुमति कॉलोनी विकसित करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: डीटीपी
पंचकूला, 26 अगस्त: उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा के मार्गदर्शन में तथा जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) श्रीमती बबीता गुप्ता के नेतृत्व में जिला नगर योजनाकार, पंचकूला की टीम ने अर्बन एरिया पंचकूला में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। टीम द्वारा गांव बरवाला एवं बतौर, तहसील बरवाला में विकसित की जा रही दो अवैध कॉलोनियों में करीब 4.5 एकड़ क्षेत्र में तोड़फोड़ की गई।
तोड़फोड़ की कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीन की मदद से अवैध रूप से बनाए गए कच्चे रोड नेटवर्क तथा प्लॉट डिमार्केशन को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई जिला नगर योजनाकार श्रीमती बबीता गुप्ता, ड्यूटी मजिस्ट्रेट श्री डिम्पी राठी, सहायक नगर योजनाकार श्री अशोक कुमार तथा भारी पुलिस बल की मौजूदगी में संपन्न हुई।
जानकारी देते हुए डीटीपी बबीता गुप्ता ने बताया कि किसी भी प्रकार का निर्माण करने अथवा कॉलोनी विकसित करने से पहले निदेशक, नगर तथा ग्राम आयोजना विभाग, हरियाणा से आवश्यक अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य है।
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति बिना अनुमति के किसी प्रकार का अवैध निर्माण करता अथवा अनधिकृत कॉलोनी विकसित करता पाया गया तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा अवैध निर्माण एवं अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि विभाग से सीएलयू/लाइसेंस की अनुमति लिए बिना किसी भी प्रकार का निर्माण न करें और न ही अनधिकृत कॉलोनी विकसित करें।