मारपीट में घायल महिला की मौत, तीन आरोपी गिरफ्तार
महेशगंज थाना क्षेत्र के तख्त का पुरवा निवासी रीना उर्फ आरती केसरवानी की लखनऊ के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान शनिवार शाम मौत हो गई।
बीते 22 सितंबर को बकरी भगाने के विवाद में पड़ोस के लोगों ने महिला पर लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। महिला का लखनऊ में इलाज चल रहा था।
मौत की सूचना मिलते ही महेशगंज पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी। थानाध्यक्ष राहुल कुमार गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कुंडा कोतवाली क्षेत्र के नई बाजार के पास रिश्तेदारी से तीन आरोपियों—सियालाल, शिवमूरत और कल्लू उर्फ अर्जुन—को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने रविवार को तीनों आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। महिला की मौत के बाद मामले में हत्या की धारा बढ़ाए जाने की कार्रवाई की जा रही है।