बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों का आक्रोश एक बार फिर सड़क पर है। भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली, पेपर लीक, लंबित बहाली और परीक्षा प्रक्रिया में बदलाव की मांग को लेकर पटना के गर्दनीबाग में छात्रों का महाआंदोलन जारी है। अब इस आंदोलन में शिक्षक भर्ती और उच्च शिक्षा से जुड़े मुद्दे भी जुड़ गए हैं, कई PHD स्कॉलर भी धरने पर बैठे हैं। आंदोलनकारी छात्रों का कहना है कि सिर्फ नई भर्तियों का नोटिफिकेशन जारी करने से समस्या खत्म नहीं होगी। उनका जोर पूरी भर्ती व्यवस्था में बदलाव और लंबित परीक्षाओं को समय पर कराने पर है गर्दनीबाग में चल रहे आंदोलन में कई छात्र आमरण अनशन पर बैठे हैं। छात्र नेता अमन कुमार भी पिछले चार दिनों से आमरण अनशन पर हैं। लगातार अन्न-जल त्यागने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ रही है इसके बावजूद उन्होंने आंदोलन जारी रखने की बात कही है।