
वाहन की टक्कर से वन्यजीव तेंदुए की मृत्यु, वन विभाग ने की त्वरित कार्रवाई
पहाड़गढ़ वन क्षेत्र में कैलारस-सहसराम मुख्य मार्ग पर हुई घटना, विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने किया पोस्टमार्टम
वन अधिकारियों एवं राजस्व अधिकारियों की उपस्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया गया शवदाह, वन अपराध प्रकरण दर्ज
जिले के पहाड़गढ़ वन क्षेत्र अंतर्गत कैलारस-सहसराम मुख्य मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से एक वन्यजीव तेंदुए की मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग द्वारा तत्परता से कार्रवाई करते हुए घटनास्थल को सुरक्षित किया गया तथा मौके पर पहुंचकर आवश्यक जांच एवं छानबीन की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना वन क्षेत्र कक्ष क्रमांक पी-144, बीट पहाड़गढ़ द्वितीय के अंतर्गत सामने आई। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए), नई दिल्ली एवं कार्यालय मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक, मध्यप्रदेश भोपाल से जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप वन विभाग द्वारा तत्काल कार्रवाई की गई। घटनास्थल एवं उसके आसपास आवश्यक छानबीन की गई।
इसके उपरांत वन्यजीव विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों डॉ. मनीष बौदिल, पशु चिकित्सक पहाड़गढ़ तथा डॉ. कमलेश कुमार गुप्ता, पशु चिकित्सक कैलारस द्वारा तेंदुए का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के दौरान वन्यजीव तेंदुए के शरीर के सभी अंग सुरक्षित पाए गए। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शवदाह एवं भस्मीकरण की कार्रवाई अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न कराई गई।
सम्पूर्ण कार्रवाई के दौरान मुख्य वन संरक्षक, वन वृत्त ग्वालियर, वनमण्डलाधिकारी मुरैना श्री हरिश्चंद्र बघेल,नायब तहसीलदार पहाड़गढ़, उपवनमण्डलाधिकारी सबलगढ़, वन परिक्षेत्राधिकारी पहाड़गढ़ एवं वन विभाग का मैदानी अमला उपस्थित रहा।
वन विभाग द्वारा प्रकरण में वन अपराध प्रकरण दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
#JansamparkMP #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh